काेराेनाकाल में एफआरसी ने दक्षिण गुजरात के चार जिलों के स्कूलों की फीस निर्धारित की है। इसमें सबसे ज्यादा सूरत जिले के स्कूल शामिल हैं। गुरुवार को कमेटी द्वारा सूरत, वलसाड, भरूच और नवसारी जिले के कई स्कूलों की फीस निर्धारित की गई। जो फीस निर्धारित की गई है वह वर्ष 2019-20 की है। जिनका नाम लिस्ट में नहीं है उनकी फीस आने वाले दिनों में निर्धारित की जाएगी।
बता दें एफआरसी ने इस बार स्कूलों की फीस में भारी कटौती की है। ओलपाड स्थित महाराज अग्रसेन इंटरनेशनल स्कूल द्वारा जो फीस मांगी थी, एफआरसी ने उसे नकार दिया है। कमेटी ने नई फीस में भारी कटौती की है। स्कूल की ओर से पहली से आठवीं तक 17 हजार फीस निर्धारित करने की मांग की गई थी, जबकि कमेटी ने 15 हजार तय की है।
यानी कि स्कूल लाखों रुपए की जगह अभिभावकों से सालाना केवल 15 हजार रुपए ही फीस वसूल सकेगा। ज्ञातव्य है कि कमेटी ने वर्ष 2019-20 के फीस में 30 से 90 प्रतिशत तक कटौती की है। इससे साफ जाहिर होता है कि कमेटी की आेर से स्कूलों को कोई राहत नहीं दी जाएगी। पिछले महीने सरकार ने कमेटी में नए सदस्यों की नियुक्ति की थी। चेयरमैन अशोक दवे और सदस्य किशोर चावड़ा को छोड़कर तीन सदस्यों को हटा दिया गया है। नई नियुक्ति के बाद पहली बार फीस जारी की गई है।
आरटीई: दूसरे राउंड में प्रवेश कन्फर्म करवाने का आज आखिरी दिन, 800 छात्रों को मिलेगा प्रवेश
सूरत | राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत दूसरे राउंड में प्रवेश कन्फर्म कराने की आज आखिरी तारीख है। काेरोना की वजह से इस साल देरी से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। पहले राउंड में 9000 छात्रों को प्रवेश दिया गया। दूसरे राउंड में 800 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। राज्य सरकार के इस निर्णय से हजारों छात्र प्रवेश से वंचित रह जाएंगे और उन्हें निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा का लाभ नहीं मिलेगा।
निजी स्कूलों में सीट के आधार पर छात्रों को आरटीई के तहत प्रवेश दिया जाता है। शुक्रवार को शाम 5.00 बजे अभिभावकों को प्रवेश कन्फर्म करवाना होगा। बता दें दूसरे राउंड में केवल 800 छात्रों को प्रवेश देने से यह साफ जाहिर होता है कि तीसरे राउंड की प्रक्रिया नहीं शुरू होगी। अधिकारियों ने बताया कि अभिभावकों ने आवेदन पत्र में जिन स्कूलों को चुना था उनमें केवल 800 सीटें ही खाली हैं। राज्य सरकार की ओर से तीसरे राउंड की घोषणा नहीं की गई है।
असर: शहर में 5 हजार छात्र प्रवेश से वंचित रह जाएंगे
इस साल सितंबर महीने में आरटीई में प्रवेश देने के लिए आवेदन मंगाए गए थे। आवेदन जमा करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया था। इसके बाद पहले राउंड में प्रवेश कन्फर्म कराने के लिए छात्रों को एक हफ्ते का समय दिया गया था। वहीं, दूसरे राउंड में प्रवेश कन्फर्म करवाने के लिए 5 दिन का समय दिया गया था। सीटें खाली न होने से इस साल 5000 छात्र प्रवेश से वंचित रह जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment