महानगर पालिका ने रोजगार के लिए दूसरे राज्यों से सूरत आने वाले श्रमिकों के लिए देश में पहली बार ‘माइग्रेंट सेल’ बनाया है। इसमें अंदाजतन 8 लाख से अधिक का डेटा जुटाया जाएगा ताकि श्रमिकों को आवास, स्वास्थ्य और बीमा समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सोमवार को उधना में नवनिर्मित ‘सूरती आईलैब-माइग्रेंट सेल’ का शुभारंभ किया। सांइस सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रोजगार, स्वच्छता, सुशासन जैसे क्षेत्रों में सूरत देश में सबसे आगे है। सूरत महानगर पालिका ने प्रवासी श्रमिकों के लिए सबसे पहले ‘माइग्रेंट सेल’ लॉन्च करके देशभर में एक उदाहरण पेश किया है।
देश के विभिन्न राज्यों जैसे- महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, ओडिशा से आने वाले प्रवासी कहां और कितने रहते हैं, इसकी पूरी जानकारी सेल में उपलब्ध होगी। आने वाले दिनों में प्रवासी श्रमिकों के लिए सम्मानजनक जीवन के साथ आवास, स्वास्थ्य, बीमा सहित सेवाओं को और बढ़ाया जाएगा।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि मेन इन इंडिया के तहत वैक्सीन को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही फ्रंटलाइन वॉलिएंटर समेत आम जनता को दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस काे देश के वैज्ञानिकाें पर भराेसा नहीं है।
कमिश्नर बोले: इसे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा
महानगर पालिका कमिश्नर बंछानिधि पाणि ने बताया कि डायमंड सिटी, सिल्क सिटी के साथ स्वच्छता में सबसे आगे सूरत प्रवासी श्रमिकों की पहली पसंद है। लॉकडाउन में महानगर पालिका ने लाखों प्रवासी श्रमिकों को भोजन, राशन और अन्य सुविधाओं के साथ घर वापसी की व्यवस्था करके अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है।
देशभर में पहली बार ‘माइग्रेंट सेल’ शुरू होने से सूरत में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों को फायदा होगा। यह सेल किस राज्य के कितने श्रमिक किस क्षेत्र में हैं इसकी जानकारी जुटाएगा। इसे सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा जाएगा ताकि आर्थिक और सामाजिक मदद मिल सके।
पालिका और अर्बन मैनेजमेंट सेंटर के साथ एमओयू
केंद्र और गुजरात सरकार की योजनाओं का लाभ प्रवासी श्रमिकों को मिल सके इसलिए सूरत महानगर पालिका और अर्बन मैनेजमेंट सेंटर के साथ एमओयू किया गया है। इससे सूरत में बसे प्रवासी श्रमिकों को व्यक्तिगत लोन, स्वयं सहायता समूह बैंक लिंकेज, पीएम स्वयं सहायता योजना, श्रमयोगी पहचान पत्र, स्वास्थ्य बीमा जैसी सेवाएं आसानी से मिलेंगी।
हजीरा: केद्रीय मंत्री ने L&T के स्वदेशी के-9 वज्र टैंक को हरी झंडी दिखाई
सूरत. केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने हजीरा में एल एंड टी के आर्मर्ड सिस्टम कॉम्प्लेक्स में कंपनी द्वारा बनाए गए 88वें के-9 वज्र टैंक को हरी झंडी दिखाई। अब इसे भारतीय सेना में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा एल एंड टी द्वारा बनाए गए एथिलीन ऑक्साइट रिएक्टर को भी हरी झंडी दिखाई।
इसे ओडिशा के पारादीप में स्थित इंडियन ऑयल काॅर्पोरेशन में रवाना किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हजीरा की एलएंडटी इकाई आत्मनिर्भर भारत का सबसे बड़ा उदाहरण है। कंपनी ने स्वदेशी टैंक बनाकर नया मुकाम हासिल किया है।
इसके साथ ही ओडिशा के पारादीप में इंडियन ऑयल काॅर्पोरेशन लि. एमईजी (मोनो एथिलीन ग्लाइकॉल) परियोजना के तहत रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जो एथिलीन ऑक्साइड रिएक्टर, वॉश टॉवर और डी-एथिलीन जैसे अत्याधुनिक सुपर क्रिटिकल उपकरण से लैस होंगे।
इस परियोजना से ओडिशा के स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सूरत के हजीरा का भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment