जिले से सटे भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से आईएसआई भारत में तस्करी की आड़ में खुफिया नेटवर्क फैला रही है। बॉर्डर इलाके के लोगों को नकली नोट, हेरोइन की तस्करी का लालच देकर देश की आंतरिक जानकारी जुटा रही है।
पिछले दस माह में चौहटन के नवा तला बॉर्डर तारबंदी से एक बार हेरोइन और दो बार नकली नोटों की खेप भारत में भेजी गई। जबकि बॉर्डर पर तैनात दर्जनों खुफिया एजेंसी, पुलिस और बीएसएफ को भनक तक नहीं लगने दी। ऐसे में अब बड़ी मात्रा में हेरोइन और नकली नोटों की खेप बरामद होने के बाद बीएसएफ सहित कई एजेंसियां सतर्क हो गई।
पिछले 5-7 दिन में नकली नोट, हेरोइन और घुसपैठ तक की घटनाएं सामने आ चुकी है। हेरोइन तस्करी में पकड़े गए खंडू खां से खुलासे के बाद 1 किलो हेरोइन खरीदने के मामले में सांचौर व बनाड़ जोधपुर निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
दोनों ने बताया है कि उन्होंने 1 किलो हेरोइन खंडू खां से 1.80 लाख रुपए में खरीदी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक किलो हेरोइन की कीमत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा है, एक करोड़ की हेरोइन 1.80 लाख में बेच दी। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ कर नकली नोट व हेराेइन तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बॉर्डर तारबंदी से तस्करी व घुसपैठ की नापाक हरकत, व्हाटसएप से लोगों को झांसे में फंसा रही आईएसआई
सात दिन: 2.740 किलो हेराेइन, 6.55 लाख के नकली नोट बरामद, एक घुसपैठिया ढेर
भारत-पाक के चौहटन से सटा अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर घुसपैठ, तस्करी का अड्डा बना हुआ है। पूर्व में भी यहां हथियार, सोने-चांदी की तस्करी, नकली नोट, हेरोइन, ड्रग्स जैसे तस्करी का कारोबार चलता रहा है। 2014 में बड़ी मात्रा में हेरोइन, नकली नोट बरामद हुए थे। अब पिछले सात दिनों में बाड़मेर पुलिस ने 9 लोगों को नकली नोट और हेरोइन तस्करी में गिरफ्तार किया है।
इसमें 2.740 किलो हेरोइन, 6.55 लाख के नकली नोट बरामद हुए। इसके अलावा बॉर्डर तारबंदी से घुसपैठ की भी नापाक कोशिश हुई, लेकिन बीएसएफ ने घुसपैठिए को तारबंदी के नजदीक ही ढेर कर दिया। ऐसे में बाड़मेर से सटा भारत-पाक तारबंदी का शांत बॉर्डर घुसपैठ और तस्करी से सुर्खियों में है।
महेंद्र और रामा किशन को 1.80 लाख में बेची 1 किलो हेरोइन
पुलिस के अनुसार खंडू खां पुत्र होत खां निवासी बामरला डेर भंवार ने एक किलो हेरोइन की खेप महेंद्र कुमार पुत्र राम किशन विश्नोई निवासी बी ढाणी सांचौर व रामा किशन पुत्र जय किशन विश्नोई निवासी जाजीवाल विश्नोईयान बनाड़ जोधपुर को दी थी। एक किलो हेरोइन 1.80 लाख रुपए में खंडू से खरीदी थी। ऐसे में पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार किया है और कड़ी पूछताछ की जा रही है। महेंद्र कुमार वर्ष 2010 में उप निरीक्षक पुलिस भर्ती में भी सफल हुआ था, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है।
डेढ़ किलो हेरोइन और 5.45 लाख के नकली नोट चला दिए
पराड़िया निवासी अकबर खां को पाक तस्कर रोशन खां से दो बार में 12 लाख रुपए के नकली नोट की खेप मिली थी। इसमें 8 लाख रुपए 500-500 के नोट में थे तो 4 लाख रुपए 2-2 हजार के नोट थे। पुलिस को खेप देरी से हाथ लगी, ऐसे में आरोपी ने 5.45 लाख रुपए असली के रूप में चला भी दिए और लोगों को भनक तक नहीं लगी। अब ये नोट बाजार में लोगों के पास फैल चुके है। इसी तरह 2-2 किलो हेरोइन के दो पैकेट बॉर्डर पार से आए थे, लेकिन 2.740 किलो हेरोइन ही बरामद हुई। करीब डेढ़ किलो हेरोइन बेच दी गई।
भास्कर इनसाइड स्टोरी: व्हाट्सएप कॉलिंग से सुरक्षा में सेंध
बॉर्डर पार से आईएसआई की मदद से भारत में तस्करी, नकली नोट और घुसपैठ को अंजाम दिया जा रहा है। व्हाट्सएप कॉलिंग से ही आईएसआई भारत में लोगों को तस्करी, नकली नोट और अन्य झांसे देकर फंसाती है और फिर देश की खुफिया जानकारी सहित अन्य नेटवर्क बनाकर सेंधमारी करती है। नकली नोट और हेरोइन तस्करी में पकड़े गए आरोपियों से पाक में बैठे ऐसे लोगों से व्हाट्सएप कॉलिंग का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल भी बरामद किए हैं।
10 नकली नोट से 6.55 लाख और हेरोइन तक पहुंची पुलिस
4 अगस्त को बाड़मेर की एचडीएफसी बैंक में ट्रैक्टर की किश्त जमा करवाने आए एक नाबालिग किशोर से 500-500 रुपए के 10 नकली नोट बरामद हुए। इस पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज हुआ। सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिरवी ने मामले को गंभीरता से लिया, क्योंकि 2019 में बिलाड़ा में भी ऐसे ही 2.66 लाख के नकली नोट बरामद हुए थे।
एसपी आनंद शर्मा के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने पड़ताल शुरू की तो बॉर्डर पार से नकली नोट और हेरोइन तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ। कोतवाल रामप्रताप चारण, सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिरवी, ग्रामीण थानाधिकारी रामनिवास विश्नोई, सदर थानाधिकारी मूलाराम, सेड़वा थानाधिकारी अचलदान, चौहटन थानाधिकारी प्रेमाराम, प्रदीप डांगा, कांस्टेबल वीरम खां, पूनमचंद, मोहनलाल व साइबर टीम के एएसआई पन्नाराम प्रजापत व प्रेमाराम का योगदान रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment