पीहर में रह रही पत्नी को ससुराल नहीं भेजने से नाराज पति ने शुक्रवार रात गला रेतकर अपने साले की ही हत्या कर दी। घटना लिंबायत के संजय नगर सर्किल के पास फुटपाथ की झोपड़पट्टी की है। आरोपी का भाई और दो बेटे भी हत्या में शामिल थे। शहर में पिछले 4 दिनों में हत्या की चौथी घटना है। इससे पहले पिछले 3 दिनों में पांडेसरा, पुणा और सरथाना में हत्या हो चुकी हैं।
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार रोज रोज की मारपीट से परेशान नंदिनी अपने भाई मशींदर के यहां रहने चली आई थी। उसका पति आनंद उसे वापस घर ले जाना चाहता था, लेकिन उसके साले मशींदर ने भेजने से मना कर दिया।
इस पर शुक्रवार रात को जब मशींदर अपने झोपड़े में सो रहा था, तभी रात 11 बजे आनंद अपने भाई ईनेश के साथ आया और मशींदर को बोला कि मेरी पत्नी को क्यों नहीं भेज रहे।
इसके बाद आनंद ने मशींदर का मुंह दबाया और ईनेश ने चाकू से गले पर तीन हमले कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उसके बेटे तेजा प्रकाश शिंदे और रामा प्रकाश शिंदे ने मशींदर के हाथ-पैर पकड़ रखे थे। शोर मचाने पर मशींदर की मां कमला शंकर भोसले आई तो उसके सिर पर भी धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। फिर चारों वहां से भाग गए। मशींदर को उसकी पत्नी संजीवनी और बड़ा भाई अनिल सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वजह: नंदिनी से उसका पति अक्सर मारपीट करता था
शिकायतकर्ता मृतक की पत्नी संजीवनी भाेसले का कहना है कि उसकी ननद नंदिनी को उसका पति आनंद बहुत मारता पीटता था। पिछले 15 दिन से नंदिनी उनके साथ ही रह रही थी। पति आनंद बार-बार उसे ले जाने के लिए आता, लेकिन मशींदर भेजने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर आनंद पति से नाराज चल रहा था।
रिश्ता: साले से कराई थी बहन की शादी, फिर भी नहीं निभी
नंदिनी की शादी उसके बड़े भाई अनिल भोसले के साले आनंद से हुई थी। जबकि, आनंद की बहन चंदा की शादी अनिल के साथ हुई थी। मशींदर और उसकी पत्नी संजीवनी 15 दिन पहले ही सूरत आए थे और लिंबायत में झोपड़पट्टी में रह रहे थे। इससे पहले अहमदाबाद की मानसरोवर सोसायटी में रहते थे। वह और उसका पति कबाड़ चुनने का काम करते थे।
पिछले चार दिनों में शहर में हत्या का चौथा मामला दर्ज
26 अगस्त को पांडेसरा पुलिस स्टेशन में 11 साल के बच्चे की हत्या के मामले में 19 साल का युवक गिरफ्तार हुआ था। 27 अगस्त को पूणा पुलिस स्टेशन में दोस्त की हत्या करने के बाद एक आरोपी को पुलिस इंस्पेक्टर वीयु गडरिया ने 3 किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार किया। 28 अगस्त को साढ़े 3 साल के बच्चे को घर के झगड़ों को लेकर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस तरह पिछले चार दिन शहर में 4 हत्या हो चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment