पुलिस गिरोह खत्म करने के लिए अभियान चला रही है। गैंगस्टरों को गुजसीटोक एक्ट के तहत गिरफ्तार कर रही है और छुटभैया गुंडे बेलगाम हो गए हैं। पांडेसरा, डिंडोली, उधना, लिंबायत, गोडादरा में छुटभैया गुंडों का आतंक फैला हुआ है। गली-मोहल्लों में इनके आतंक से लोग डरे-सहमे हुए हैं। शिकायत करने के बाद पुलिस गिरफ्तार करके ले जाती है और कुछ ही देर में छोड़ देती है।
इसके बाद गुंडे फिर से आकर लोगों को डराने-धमकाने लगते हैं। शहर में बेवजह किसी भी व्यक्ति पर जानलेवा हमला करके फरार होने की रोजाना 10 से अधिक घटनाएं सामने आती हैं। रविवार को पांडेसरा में ऐसी ही एक घटना सामने आई, जिसमें आरोपी मोहल्ले में घुसकर अभद्रता कर रहा था। लोगों ने मना किया तो जान से मारने की धमकी देने लगा।
थाने में शिकायत की तो पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके ले गई और कुछ ही देर में छोड़ दी। आरोपी दोबारा मोहल्ले में आया और शिकायत करने वाले को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने रैली निकालकर नारेबाजी की। आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत की।
प्रदर्शन: पांडेसरा के शांता नगर में गुंडों से परेशान लोगों ने रैली निकाली
आरोप: असामाजिक तत्व फुल स्पीड में गाड़ियां चलाकर लोगों को डराते हैं
पांडेसरा के शांता नगर में रहने वाले लोग असामाजिक तत्वों से परेशान हैं। असामाजिक तत्व मोहल्ले में फुल स्पीड में गाड़ियां चलाते हैं और महिलाओं-लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
पुलिस में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। यही कारण है कि इलाके में गुंडागर्दी दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है। शांता नगर के निवासियों ने बताया कि गंुडोें को पुलिस का कोई डर नहीं है। यही कारण है कि यहां आए दिन घटनाएं होती रहती हैं। इसे रोकना जरूरी है।
आरोपी जेल से छूटने के बाद मोहल्ले में आकर फिर से धमकी देने लगते हैं
राहुल ठाकुर ने बताया कि शिवा नामक एक असामाजिक तत्व मोहल्ले में फुल स्पीड में गाड़ी चलाता है। रोकने पर जान से मारने की धमकी देता है। उसके खिलाफ पांडेसरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई तो पुलिस धारा-151 के तहत गिरफ्तार करके ले गई।
कुछ ही देर उसे जेल से छोड़ दिया। आरोपी फिर से मोहल्ले में आकर शिकायत करने वालों को धमकी देने लगा। रविवार को लोगों ने रैली निकालकर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
डिंडोली: दुकानदार ने बकाया पैसे मांगा तो गुंडों के साथ मिलकर पीट दिया
डिंडोली में असामाजिक तत्वों ने पैसे मांगने के बाद दुकानदार की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। दुकानदार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता हरीश पटेल ने बताया कि जीतू से पैसे लेना बाकी था। बार-बार मांगने के बाद भी नहीं दे रहा था।
रविवार को जीतू अपने साथ राहुल उर्फ बाटला और रवि गवई को लेकर आया और लाठी-डंडे से हरीश पटेल को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस शिकायत दर्ज कर आगे की छानबीन कर रही है।
लिंबायत: गाली देने से रोका तो युवक को पीटा
लिंबायत में चार अज्ञात व्यक्ति एक युवक को गाली दे रहे थे। युवक ने गाली देने से रोका तो उसके घर जाकर पिटाई कर दी। आरोपियों की पिटाई के डर से युवक ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। आरोपी बार-बार युवक को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
आंकड़ा: एक माह में जानलेवा हमले के 50 मामले
रंजिश में जानलेवा हमला करना आम बात हो गई है। आंकड़ों के अनुसार शहर में रोजाना जानलेवा हमले के तीन मामले सामने आ रहे हैं। एक महीने में 50 से अधिक लोगों पर जानलेवा हमले हो चुके हैं।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई होगी
पांडेसरा के शांता नगर के कुछ लोग थाने में आए थे। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - एजी रबारी, सब इंस्पेक्टर, पांडेसरा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment