ग्रेजुएशन से लेकर एमबीबीएस तक की फर्जी डिग्री देने वाले सेंटरों के खुलासे के बाद रविवार को पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा रहा। छुट्टी का दिन होने के बावजूद सचिवालय से लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन के अफसरों के फोन बजते रहे। रविवार के अंक में ‘फर्जी डिग्री की दुकान’ शीर्षक से भास्कर स्टिंग में सूरत में चल रहे ऐसे फर्जी सेंटरों का खुलासा किया गया था।
शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा ने भास्कर से बात करते हुए माना कि मामला बहुत गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसी फर्जी डिग्री देने वाली दुकानों (सेंटर) को नहीं चलने देगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग के प्रधान सचिव को पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बता दें कि भास्कर ने शनिवार के अंक में भी ‘तीन साल पढ़ाकर बना दिया ग्रेजुएट, एलएलबी भी हो गई अब बार काउंसिल ने पकड़ा फर्जीवाड़ा’ शीर्षक से मामले का खुलासा किया था। अगले दिन हर तरह की डिग्री का फर्जीवाड़ा उजागर किया था।
उच्च शिक्षा की साख का सवाल है
1 भी दोषी न बचे, सभी यूनिवर्सिटी में जांच, पुलिस को भी निर्देश: चूड़ासमा
शिक्षामंत्री ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बिगाड़ रहे ऐसे फर्जी सेंटरों पर कार्रवाई का विस्तृत प्लान तैयार किया जा रहा है। राज्य की सभी यूनिवर्सिटी में जांच होगी। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस को भी गिरोह की तक जाने के निर्देश दिए गए हैं।
यूनिवर्सिटी और पुलिस सक्रिय हुई
पुलिस: सूरत पुलिस कमिश्नर अजय तोमर ने क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी है। इस टीम में एक पीआई, एक पीएसआई, एक एएसआई शामिल हैं। कहां, कितने सेंटर चल रहे, किस यूनिवर्सिटी की कितनी डिग्रियां, किसको जारी हुई, इसकी जांच की जाएगी।
यूनिवर्सिटी: शिक्षा मंत्री ने रविवार को सूरत की नर्मद यूनिवर्सिटी की इंचार्ज कुलपति हेमाली देसाई सहित एमएस, सौराष्ट्र सहित कई यूनिवर्सिटी के कुलपतियों से बात कर जानकारी मांगी। उनके यहां से प्रवेश लेने वाले विद्याथिर्यों की सूची बनाने का कहा गया है।
भास्कर से मांगी जानकारी: सूरत की नर्मद यूनिवर्सिटी की इंचार्ज कुलपति हेमाली देसाई ने भास्कर से संपर्क कर फर्जीवाड़े के बारे में उपलब्ध जानकारी मांगी है। पुलिस ने भी रविवार को ही जानकारी जुटाई। जल्द ही गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
डिग्रियों की अब सख्त जांच होगी
यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने वालों की डिग्रियां की जांच की अभी कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। इस बार से जांच की सटीक व्यवस्था की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment